उत्तर प्रदेश

फार्म 6 में जरा सी चूक पड़ेगी भारी: सही फोटो, पिन कोड और मोबाइल नंबर अनिवार्य

लखनऊ, निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत नये मतदाता बनने के लिए फार्म-6 भरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है तथा नाम, पता, स्पष्ट फोटो और वर्तमान मोबाइल नंबर सही-सही अंकित करना आवश्यक है, जिससे मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) त्रुटिरहित जारी हो सके और मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि voters.eci.gov.in पोर्टल एवं ECINET ऐप पर ऑनलाइन फार्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध है। कई आवेदनों में धुंधली, अस्पष्ट अथवा मानक के अनुरूप न होने वाली फोटो पायी जा रही है, जिससे भविष्य में पहचान संबंधी समस्या उत्पन्न हो सकती है। फोटो रंगीन, स्पष्ट, पासपोर्ट साइज (4.5×3.5 सेमी), JPEG फॉर्मेट (अधिकतम 2 MB) में तथा सादी हल्की पृष्ठभूमि के साथ होनी चाहिए। चेहरे का लगभग 75 प्रतिशत भाग स्पष्ट दिखना अनिवार्य है तथा आँखें पूरी तरह दिखाई दें।

आवेदक को अपना तथा संबंधी (पिता/माता/पति/पत्नी अथवा तृतीय लिंग के मामले में विधिक संरक्षक) का नाम हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में शुद्ध वर्तनी के साथ भरना चाहिए। केवल एक भाषा में नाम भरने पर स्वचालित रूपांतरण से त्रुटि की संभावना रहती है। विवाहित महिला आवेदक प्राथमिकता के आधार पर पति का नाम अंकित करें। जो विकल्प लागू न हो उसे काट दें।

फार्म-6 में वर्तमान निवास का पूरा और स्पष्ट पता—मकान/भवन संख्या, गली/मोहल्ला, शहर/गांव, डाकघर, पिनकोड, तहसील, जिला एवं राज्य—अवश्य दर्ज किया जाए। गलत पिनकोड अंकित होने पर मतदाता पहचान पत्र समय से प्राप्त नहीं हो पाता। सामान्य निवास प्रमाण हेतु निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्वप्रमाणित प्रति संलग्न करना आवश्यक है।

मोबाइल नंबर अंकित करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से आवेदक ओटीपी द्वारा अपने आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकता है तथा ई-इपिक को पोर्टल या ऐप से आसानी से डाउनलोड कर सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि फार्म-6 भरते समय सभी बिंदुओं का सावधानीपूर्वक पालन करें। यदि मतदाता पहचान पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो फार्म-8 भरकर संशोधन कराया जा सकता है, जिसकी सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button