डीडीयू जंक्शन पर 1.75 करोड़ नगद बरामद, जीआरपी आरपीएफ की सतर्कता पर उठे सवाल

डीडीयू जंक्शन पर अकालतख्त एक्सप्रेस (12318) के ए-1 कोच में चेकिंग के दौरान दो यात्रियों के पास से 1,75,00,000 रुपये नगद बरामद होने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रात करीब 2:41 बजे की कार्रवाई में तीन बैगों में रखी भारी नकदी मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान लखनऊ निवासी रितेश पटेल (38 वर्ष) और गुजरात के आनंद निवासी प्रिमेश पटेल (43 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सूचना पर आयकर विभाग की टीम पहुंची और नकदी समेत दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
हालांकि जीआरपी और आरपीएफ इस बरामदगी को बड़ी सफलता के रूप में पेश कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि जब रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में नियमित चेकिंग के दावे किए जाते हैं तो आखिर इतनी बड़ी रकम लेकर यात्री आसानी से ट्रेन में कैसे सवार हो गए। क्या सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी केवल औपचारिक जांच तक सीमित है, या फिर चेकिंग व्यवस्था में कहीं न कहीं ढील बनी हुई है?
लगातार सुरक्षा दावों के बीच इस तरह की बरामदगी ने जीआरपी और आरपीएफ दोनों की सतर्कता पर हल्का लेकिन अहम सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच आयकर विभाग कर रहा है।


