डीडीयू: जाली नोट फैक्ट्री का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार

चंदौली। थाना अलीनगर व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में डीडीयू नगर क्षेत्र में संचालित जाली नोट बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। मौके से 100 रुपये के 55 जाली नोट, 452 अर्धनिर्मित जाली नोट व जाली नोट छापने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर मानस नगर गेट के पास स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान मौजूद व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान जाली नोट, अर्धनिर्मित शीट, वाटरमार्क पेपर, प्रिंटर, लैमिनेटर, लाइट बॉक्स, लैपटॉप समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने यूट्यूब व गूगल के माध्यम से जाली नोट छापने की तकनीक सीखी तथा इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए लोगों के सहयोग से इस काम को अंजाम दे रहा था। वह 3500 रुपये के जाली नोट के बदले 1000 रुपये असली रुपये लेता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उधम सिंह यादव निवासी महदेवा अमिलाई थाना बलुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



