400 ग्राम हीरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 50 लाख की खेप बरामद

थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली
चन्दौली- मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ बाराबंकी निवासी दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर सब्जी के झोले में हेरोइन छिपाकर बाराबंकी से वाराणसी के रास्ते सप्लाई करने जा रहे थे।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया व पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई।
दिनांक 12.04.2026 को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पड़ाव चौराहे के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर सब्जी के झोले में छिपाकर रखी गई 400 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र सूरज लाल व नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा, निवासी ग्राम नेउला थाना मसौली जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर यह खेप लेकर आए थे और पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाले थे।
इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0 165/2026 धारा 8/21 NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी प्रकाश में आया है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी विवरण-
400 ग्राम अवैध हेरोइन, 02 मोबाइल फोन, 240 रुपये नगद व एक सब्जी का झोला।
पुलिस टीम-
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी जलीलपुर) व उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली।



