उत्तर प्रदेशचंदौलीपीडीडीयू नगरस्वास्थ्य

डीडीयू नगर में स्वास्थ्य सेवाएं लाचार, कैलाशपुरी अस्पताल समेत आयुष्मान केंद्रों की स्थिति बदहाल

चंदौली: जनपद का स्वास्थ्य विभाग इन दिनों पूरी तरह राम भरोसे चलता नजर आ रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के कैलाशपुरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र की हालत खासतौर पर खराब बताई जा रही है, जहां डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। देख सकते हैं नीचे तस्वीरों में कैलाशपुरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर की खाली पड़ी कुर्सी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में जब भी इलाज के लिए पहुंचते हैं, डॉक्टर अक्सर नदारद मिलते हैं। पूछताछ करने पर कर्मचारी कभी मीटिंग का हवाला देते हैं तो कभी अन्य बहाना बनाकर मरीजों को टाल देते हैं। बिना समुचित जांच के हल्की-फुल्की दवाएं देकर मरीजों को वापस भेज दिया जाता है।

लोगों का यह भी कहना है कि डीडीयू नगर में सरकार द्वारा संचालित जितने भी आयुष्मान आरोग्य केंद्र खोले गए हैं, अधिकांश की स्थिति बेहद बदहाल है। इन केंद्रों की निगरानी करने वाला कोई नजर नहीं आता। कब डॉक्टर आते हैं और कब नहीं, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। ऐसे में पूरा स्वास्थ्य विभाग मानो भगवान भरोसे ही चल रहा है।

सरकार जहां एक ओर करोड़ों रुपये खर्च कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर तैनात कुछ कर्मचारी और डॉक्टरों की लापरवाही इन योजनाओं की मंशा पर पानी फेरती नजर आ रही है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही के चलते मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है या फिर बिना इलाज के ही लौटना पड़ता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जाए और अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button