बिजली विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता परेशान

मुगलसराय। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पीएम सूर्य घर (सोलर पैनल) योजना से जुड़े उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हो रही है। विभाग द्वारा सोलर उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में इंपोर्ट यूनिट से एक्सपोर्ट यूनिट का समायोजन (माइनस) नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को गलत बिल मिल रहे हैं और उन्हें बार-बार बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।


स्थानीय निवासी चंदन कुमार के घर पर सोलर पैनल लगा है। उनका कहना है कि उन्होंने सौर ऊर्जा से उत्पादन कर विभाग को बिजली दी, लेकिन विभाग की ओर से एक्सपोर्ट यूनिट घटाकर बिल नहीं बनाया जा रहा। “हमने सोलर पैनल इसलिए लगवाया था ताकि बिजली खर्च कम हो, पर अब बिल पहले से ज्यादा आ रहे हैं। कई बार शिकायत की, मगर समाधान नहीं हुआ,” उन्होंने बताया।
क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं का भी यही कहना है कि महीनों से समायोजन न होने के कारण वे परेशान हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि शीघ्र सही बिलिंग की व्यवस्था की जाए ताकि सोलर उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।


