यूपी के दिव्यांगजनों को योगी सरकार का तोहफा, 6 जनवरी से दिव्यांग रोजगार अभियान 2.0

लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठा रही है। प्रदेशभर में 06 से 13 फरवरी 2026 तक “दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0” चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार और स्व-रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस विशेष अभियान के तहत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में प्रशिक्षित अर्ह एवं इच्छुक दिव्यांगजनों को सेवायोजन से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही जनपद स्तर पर उपलब्ध अन्य इच्छुक दिव्यांगजन भी इस अभियान का लाभ ले सकेंगे।
अभियान के दौरान जनपदों में संचालित औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष दिव्यांगजनों का सेवायोजन कराया जाएगा। साथ ही एमएसएमई, जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र तथा अन्य विभागों की स्व-रोजगार योजनाओं से भी दिव्यांगजनों को जोड़ा जाएगा।
यह अभियान प्रत्येक जनपद में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा संचालित किया जाएगा। समिति में जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला रोजगार सहायता अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक शामिल होंगे। सेवायोजन एवं स्व-रोजगार से जुड़ी गतिविधियों के लिए राजकीय आईटीआई को केंद्र बनाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत इच्छुक दिव्यांगजनों को भी इस अभियान में सम्मिलित किया जाएगा। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन रोजगार की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

