डीडीयू मंडल में13.28 करोड़ का समापक भुक्तान, सेवानिवृत रेल कर्मियों संग मना होली मिलन समारोह

पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में सोमवार को माह फरवरी 2026 में सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मियों को समापक भुगतान हेतु मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में कार्मिक विभाग द्वारा समापक भुगतान सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कुल 26 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ विभिन्न मदों में कुल ₹13,28,38,034/- (तेरह करोड़ अठ्ठाईस लाख अड़तीस हजार चौंतीस रुपये) का समापक भुगतान प्रदान किया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ, जिसके उपरांत समापक भुगतान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ, सक्रिय एवं सुव्यवस्थित जीवन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने वित्तीय अनुशासन, साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता और समय के सकारात्मक उपयोग पर विशेष जोर दिया।
समापक भुगतान के पश्चात होली मिलन समारोह में अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएँ दीं। मंडल के कलाकारों तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया, जिसमें पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, रेलकर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


