
चन्दौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुर स्थित शराब के ठेके पर हुई सनसनीखेज हत्या कांड में वांछित चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे अभियुक्त की तलाश लगातार की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त मुकेश यादव (20 वर्ष) पुत्र रामनरेश यादव निवासी काजीपुर, थाना सैयदराजा को 14 फरवरी 2026 को प्रातः 06:05 बजे ग्राम नौबतपुर में NH-2 हाईवे पर लगे स्वागत बोर्ड के उत्तरी पिलर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि उक्त प्रकरण थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 354/2025 धारा 61(2), 103(1), 191(2), 191(3), 115(2), 352 बीएनएस के तहत दर्ज है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



