180 किलोमीटर प्रति घंटा स्पीड ट्रायल सफल, डीडीयू- धनबाद रेलखंड ने रचा इतिहास

हाजीपुर, 25 मार्च 2026: पूर्व मध्य रेल ने मिशन रफ्तार के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद जंक्शन तक 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पेशल ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल पूरा किया। यह ट्रायल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस सफलता के साथ पूर्व मध्य रेल ने अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया है और तेज व सुरक्षित रेल यात्रा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह उपलब्धि भविष्य में उच्च गति रेल संचालन के लिए मार्ग प्रशस्त करेगी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में लगभग 412 किलोमीटर लंबे ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर फेंसिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही इस रेलखंड पर ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली की स्थापना भी तीव्र गति से प्रगति पर है।
स्पीड ट्रायल के दौरान डीडीयू से गया तक डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना तथा गया से धनबाद तक धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।



