उत्तर प्रदेशवाराणसी समाचार

13 फरवरी से 1 अप्रैल तक सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

वाराणसी। भर्ती कार्यालय वाराणसी (उत्तर प्रदेश) द्वारा सेना में भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अग्निवीर पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि घोषित कर दी गई है। जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 13 फरवरी से 01 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट https://www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर (एसकेटी), अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं पास श्रेणियों में आवेदन लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को जॉइन इंडियन आर्मी (JIA) पोर्टल पर पंजीकरण कर 250 रुपये प्रति आवेदन शुल्क के साथ ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के लिए आवेदन करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि व समय पर नामित केंद्र पर ऑनलाइन परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा परिणाम मेरिट सूची के आधार पर जारी किया जाएगा।

पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, 10वीं की मार्कशीट, उच्चतर शैक्षिक प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), मूल निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, 5 से 20 केबी साइज की फोटो स्कैन कॉपी, 5 से 10 केबी साइज का हस्ताक्षर स्कैन तथा चालू ईमेल आईडी उपलब्ध करानी होगी।

भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सेना में भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष है तथा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित है, इसमें किसी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप संभव नहीं है। किसी भी दलाल या बिचौलिये को धन न दें। यदि कोई भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या भर्ती कार्यालय को दें।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर विजिट कर सकते हैं या अपने निकटतम भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button