उत्तर प्रदेशप्रशासनिक

बजट 2026- 27 में ओबीसी और दिव्यांगजन पर बड़ा दांव, पेंशन 1500 छात्रवृत्ति का दायरा बढ़ा

लखनऊ

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार ने बजट 2026-27 में सामाजिक सरोकार को केंद्र में रखते हुए ओबीसी और दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं को ऐतिहासिक बढ़ावा दिया है। मंत्री आवास पर हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का बजट 3402 करोड़ रुपये और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग का बजट 2140 करोड़ रुपये तय किया गया है।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति व्यवस्था में सुधार के बाद वर्ष 2023-24 से एक भी पात्र छात्र वंचित नहीं रहा। अब छात्रवृत्ति वितरण 25 सितंबर से ही शुरू हो रहा है और अब तक करीब 20 लाख छात्रों को समय से भुगतान किया जा चुका है। आय सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये किए जाने से लाखों नए छात्रों को लाभ मिलेगा, जबकि पूर्वदशम छात्रवृत्ति 2250 से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दी गई है। वर्ष 2026-27 में लगभग 38 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति मिलने की संभावना है।

शादी अनुदान योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 1 लाख रुपये वार्षिक आय तक के परिवार पात्र होंगे। इसके लिए 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, प्रदेश के 102 ओबीसी छात्रावासों के रखरखाव के लिए पहली बार अलग से 5 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

दिव्यांगजनों के लिए पेंशन राशि 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा को मंत्री कश्यप ने बड़ा सामाजिक सुरक्षा कदम बताया। इसके साथ ही 18 मंडलों में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की जा रही है, जिससे उनकी शिक्षा और आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि चित्रकूट स्थित दिव्यांग विश्वविद्यालय अब राज्य सरकार के अधीन आ चुका है, जिससे प्रदेश में दिव्यांगजनों की उच्च शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button