“समस्या है तो कनेक्शन कटवा दीजिए” -बिजली विभाग के जवाब से उपभोक्ता परेशान, मीटर बदलने की मांग

चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र के वार्ड नं. 01, दीनदयाल उपाध्याय नगर में बिजली बिल की गड़बड़ी को लेकर एक उपभोक्ता को उस वक्त निराशा हाथ लगी, जब विभागीय कर्मचारी ने समस्या के समाधान के बजाय “समस्या है तो कनेक्शन कटवा दीजिए” जैसा जवाब दे दिया। इस पूरे मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उपभोक्ता लक्ष्मी श्रीवास्तव ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह नियमित रूप से अपना बिजली बिल जमा करती हैं, इसके बावजूद उनके बिल में लगातार असामान्य वृद्धि हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि मीटर में तकनीकी खराबी है, जिससे गलत रीडिंग आ रही है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 02 मार्च 2026 से 05 मार्च 2026 तथा 25 मार्च 2026 से 05 अप्रैल 2026 तक वह अपने गांव में थीं, बावजूद इसके बिजली बिल में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे स्पष्ट होता है कि मीटर या बिलिंग में गंभीर गड़बड़ी है।
उपभोक्ता ने बताया कि वर्ष 2026 में एक बार उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया था, जिसे बाद में विभागीय कर्मचारी द्वारा जोड़ दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कई बार विभागीय कर्मचारियों से संपर्क करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस दौरान उपभोक्ता ने अमित सिंह, सचिनदत्त, सतीश कुमार और संजय कुमार सहित कई कर्मचारियों से बात करने का जिक्र किया है। खास तौर पर 04 अप्रैल 2026 को हुई बातचीत में उन्हें “समस्या है तो कनेक्शन कटवा दीजिए” कहकर टाल दिया गया, जिससे वह काफी आहत हैं।
उपभोक्ता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषपूर्ण मीटर को तत्काल बदला जाए, बढ़े हुए बिजली बिल में संशोधन किया जाए तथा जांच पूरी होने तक मीटर रीडिंग पर रोक लगाई जाए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों की कार्यशैली की भी जांच की मांग उठाई गई है।



