
चंदौली, 19 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (MYUVA) के तहत जनपद में 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर विकास खंड नियामताबाद के सभागार में आयोजित होगा। जानकारी उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने दी।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) से संबंधित केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत एवं वितरित करना है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु अधिकतम ₹5 लाख तक का ब्याज-मुक्त एवं गारंटी-फ्री ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पात्र आवेदकों को ऋण वितरण किया जाएगा। साथ ही योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, रेडियो एवं टीवी चैनलों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा युवाओं को सीएम युवा मोबाइल ऐप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


