सड़क पर ठेला लगाना पड़ा भारी: अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में दो गिरफ्तार

चंदौली, 14 अप्रैल जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई, जिसमें सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण को पूरी तरह समाप्त करने के स्पष्ट आदेश दिए गए थे।
मुगलसराय थाना क्षेत्र में 13 अप्रैल को जीटी रोड स्थित मस्तलाज गली के पास चेकिंग के दौरान अशोक लाल निगम (55) व सरफिदा (21), दोनों निवासी ग्राम डिग्धी, मुख्य मार्ग पर ठेला लगाकर गन्ने का रस बेचते हुए पाए गए। इनके द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय किए जाने से आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, पूर्व में चेतावनी देने के बावजूद दोनों ने दोबारा वही कृत्य किया।
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मु0अ0सं0 168/2026, धारा 125 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। मौके से दो ठेला (गन्ना रस मशीन सहित) व अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूर्व में व्यापारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए गए थे कि सड़कों, फुटपाथों व सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।



