चंदौलीपीडीडीयू नगरशिक्षा

स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, जयपुरिया स्कूल में भव्य आयोजन

चंदौली/15 अप्रैल जयपुरिया स्कूल, पड़ाव शाखा का 12वां स्थापना दिवस बुधवार को संगम सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों को शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए जयपुरियन प्राइड अवार्ड, शत-प्रतिशत उपस्थिति हेतु 100% अटेंडेंस अवार्ड तथा विषयवार श्रेष्ठ प्रदर्शन पर कौटिल्य अवार्ड से सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ पदाधिकारी वर्ग द्वारा तुलसी वेदी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया और कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के प्रोत्साहन का माध्यम बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें एकल लोक नृत्य, समूह नृत्य, फ्रीस्टाइल डांस, शास्त्रीय नृत्य एवं देशभक्ति गीत शामिल रहे। प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने अपने संबोधन में परिश्रम और लगन को सफलता की कुंजी बताते हुए गुरुकुल से आधुनिक शिक्षा प्रणाली तक के बदलाव को प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विद्यालय की स्थापना के प्रारंभिक दौर को याद करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

अपने बच्चों को सम्मानित होते देख अभिभावकों में खासा उत्साह नजर आया और उन्होंने विद्यालय के प्रति गर्व व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने की, जबकि संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन तनुप्रिया पॉल और तान्या मिश्रा ने किया। इस अवसर पर चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्यामसुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज सहित शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button