डीडीयू जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक का औचक निरीक्षण, अवस्थाओं पर जताई नाराजगी

पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने बुधवार को डीडीयू जंक्शन परिसर एवं उससे जुड़े प्रमुख स्थलों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्यों की धीमी प्रगति और रखरखाव में लापरवाही सामने आई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत डीडीयू जंक्शन परिसर में स्टेट बैंक के आसपास के क्षेत्र और नवीन पार्किंग स्थल से हुई। यहां चल रहे कार्यों की रफ्तार पर असंतोष जताते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण न होने पर जवाबदेही तय करने के संकेत दिए।
इसके बाद इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रेलवे खेल मैदान का निरीक्षण किया गया। खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, हॉस्टल, रेसलर हॉल और बाउंड्री वॉल की स्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। मरम्मत कार्यों में देरी और सुविधाओं के अभाव पर नाराज़गी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए। साथ ही मैदान को नियमित उपयोग योग्य बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने पास स्थित 1102 नंबर रनिंग रूम का भी औचक निरीक्षण किया। हालांकि यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, फिर भी रेलकर्मियों को मिलने वाली सुविधाओं में और सुधार के निर्देश दिए गए।
अंत में लोको कॉलोनी के खेल मैदान के समीप स्थित रिक्रिएशन रूम का निरीक्षण किया गया, जहां नवीनीकरण और उन्नयन की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
यह औचक निरीक्षण साफ संकेत देता है कि रेलवे प्रशासन अब कागजी रिपोर्ट नहीं, बल्कि ज़मीनी सुधार चाहता है। लापरवाही और सुस्ती पर आगे सख्त कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

